खन्ना (महोबा)। थाना खन्ना के ग्योड़ी गांव में दो दिन पहले वृद्ध की डंडे से हमलाकर हत्या किए जाने के मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा है।
ग्योड़ी निवासी वृद्ध रामाधार वर्मा सात अगस्त की सुबह चारपाई के लिए लकड़ी के पाया बनवाने गांव के ही पप्पू विश्वकर्मा के घर गया था। तभी दरवाजे पर खड़े छोटे भाई हरीशंकर से वृद्ध ने बड़े भाई पप्पू के बारे में पूछा लेकिन युवक ने कोई जवाब नहीं दिया। दोबारा टोकने पर हरीशंकर आगबबूला हो गया था और हाथ में लिए डंडे से सिर पर कई प्रहार करने से वृद्ध की मौत हो गई थी। मृतक के बेटे मुलायम की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार को हत्या के आरोपी हरीशंकर विश्वकर्मा को ग्योड़ी-सुरहा मार्ग पर पुल के पास से गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद हुआ। उसे न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया।