महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर पुलिस ने अवैध रूप से चल रही शराब भट्ठियों पर छापा मारकर मौके से 190 लीटर शराब व उपकरण बरामद किए हैं। साथ ही 1800 लीटर लहन को भी नष्ट किया। पुलिस ने महिला समेत दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
थानाध्यक्ष अजनर विनोद कुमार ने पुलिस टीम के साथ कबूतरा डेरा धवर्रा पर छापा मारा। पुलिस ने वहां से 150 लीटर अवैध शराब व उपकरण बरामद कर अमित उर्फ बबलू पुत्र मुकेश कुमार कबूतरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अवैध शराब भट्ठियों को तोड़कर भारी मात्रा में बरामद 1500 लीटर लहन को नष्ट कराया।
इसी तरह सीओ कुलपहाड़ अवध सिंह के नेतृत्व में आबकारी टीम ने कुलपहाड़ थाने के ग्राम चुरारी स्थित कबूतरा डेरा पर छापा मारा। वहां से आबकारी इंस्पेक्टर योगेश कुमार ने 40 लीटर अवैध शराब बरामद की और 300 लीटर लहन को नष्ट किया। मौके से सोनम पत्नी जितेंद्र कबूतरा निवासी चुरारी को गिरफ्तार किया।