महोबा। कस्बा कुलपहाड़ के गोंदी चौराहे में चाय विक्रेता की मां को अपशब्द कहने पर दुकानदार व दरोगा के बीच मारपीट के मामले का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने और चरखारी विधायक व भाजपा जिलाध्यक्ष के दखल के बाद दरोगा के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। एक दिन पहले पुलिस अधीक्षक ने चाय दुकानदार से अभद्रता मामले में दरोगा को लाइनहाजिर किया था।
कस्बे के गोंदी चौराहा में दस मई की शाम कोतवाली कुलपहाड़ में तैनात दरोगा अवधेश सिंह सेंगर चाय की दुकान पर पहुंचे थे। जहां उनका दुकानदार दीपक यादव से विवाद हो गया था। दुकानदार की मां को अपशब्द कहने पर दुकानदार दरोगा से भिड़ गया था और मारपीट कर दी थी।
जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया था। बुधवार को एसपी ने दरोगा को लाइनहाजिर कर दिया था जबकि दरोगा की तहरीर पर दुकानदार समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
मामला हिंदू संगठन के कार्यकर्ता से जुड़ा होने और दरोगा द्वारा उसकी मां को अपशब्द कहने के मामले में चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत व भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने गंभीरता से लिया और उच्चाधिकारियों से बात की। भाजपा जिलाध्यक्ष ने एडीजी जोन प्रयागराज को मामले की जानकारी देते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। बताया कि दरोगा का पूर्व में एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है। जिसके बाद गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने दरोगा अवधेेश सिंह सेंगर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।