खरेला (महोबा)। ऐंचाना गांव के प्राचीन मंदिर से अष्टधातु की मूर्तियां चुराने के मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार हुआ है। उसके पास से भगवान की मूर्तियों के टुकड़े बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया। इसके बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। ऐंचाना गांव के रामजानकी मंदिर से शातिर 14 दिसंबर 2020 की रात भगवान राम, जानकी, लक्ष्मण और उर्मिला की अष्टधातु की मूर्तियां चुरा ले गए थे।
मंदिर के पुजारी ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले में पहले तीन बदमाशों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। जबकि, बरीपाल, सजेती (कानपुर नगर) निवासी रमेश कुमार कोरी फरार था। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शनिवार को सटीक सूचना पर रमेश को धवारी रोड पर राकेश गुप्ता के मकान से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से चोरी की गई भगवान की मूर्तियों के कटे हुए हाथ बरामद हुए हैं। रमेश मूर्तियों के हाथ काट कर उसे व्यापारियों को दिखाने के लिए लेकर गया था। (संवाद)