फोटो 26 एमएएचपी 17 परिचय-पुलिस गिरफ्त में हत्या के चारों आरोपी। स्रोत: पुलिस
महोबा। कोतवाली क्षेत्र के काली पहाड़ी गांव में तीन दिन पहले युवक की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या किए जाने के मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अपने घर के दरवाजे पर युवक की कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या थी। इसके बाद शव को ट्रैक्टर के कल्टीवेटर में रखकर रस्सी से बांधकर गांव के बाहर फेंक दिया था। इस घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
कालीपहाड़ी निवासी जयपाल की वर्ष 2016 में 50 रुपये के लेनदेन के विवाद में हत्या हुई थी। इसमें गांव के ही बृजेंद्र राजपूत पर हत्या का आरोप लगा था। इस मामले में बृजेंद्र को आजीवन कारावास की सजा हुई थी। एक साल पहले वह हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया था। 22 सितंबर की देर रात बृजेंद्र का शव गांव के बाहर उसी स्थान पर खून से लथपथ पड़ा मिला था, जहां नौ साल पहले जयपाल की हत्या हुई थी।
बृजेंद्र के पिता परशुराम ने जयपाल के तीन बेटों और तीन भतीजों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी प्रबल प्रताप सिंह ने चार पुलिस टीमें गठित की थीं। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय के नेतृत्व में गठित टीम ने हत्या के मामले में फरार चल रहे अरुण सिंह, उसके भाई दिलीप सिंह व गोकरण और चचेरे भाई महेश राजपूत को पसवारा रोड से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रंजिश में उन्होंने घटना को अंजाम दिया था। हत्या के बाद वह शव को ट्रैक्टर के कल्टीवेटर में रखकर सड़क किनारे फेंक आए थे।
कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर, कल्टीवेटर, कुल्हाड़ी, रस्सी व मृतक का मोबाइल बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया। शेष आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।