चरखारी (महोबा)। कस्बे के एतिहासिक गोवर्धन्नाथ जू मेले में शुक्रवार रात अखिल भारतीय कवि सम्मेलन किया गया। विभिन्न जनपदों से आए कवियों ने रचनाओं से समा बांध दिया। कोटा के कुंवर जावेद ने ‘हर एक बढ़त से हर ताज से लड़ जाती है कोई भी राज हो हर राज से लड़ जाती है, हमारे देश की औरत को कितना जानते हो, सुहाग के लिए यमराज से लड़ जाती है’ गीत सुनाकर खूब वाहवाही लूटी।
मेला मंच पर हुए अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि किसान नेता राजेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मूलचंद्र अनुरागी ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। मेरठ से आई कवयित्री तुषा शर्मा ने मां सरस्वती की वंदना की। छतरपुर से आए कवि सुश्रुत मयंक ने रचना लड़े समर सूरज से यह जुगनू की औकात नहीं, जो हमें धमकियां देते हैं, शायद उनको ज्ञात नहीं प्रस्तुत की। ग्वालियर से आए कवि राजेश शर्मा ने गीत भर आए परदेशी छालों से पांव चलो लौट चले, दुखियारे तन-मन से गीतों के गांव चलो लौट चले सुनाया। हास्य कवि केके अग्निहोत्री ने अपनी हास्य रचना ‘तुम मुझसे क्या प्यार करोगे तुम तो कारोबार करोगे, इसकी टोपी उसके सिर पर, ऐसा कितनी बार करोगे’ सुनाकर खूब तालियां बटोरी। जबलपुर की मणिका दुबे ने गीत ‘नजदीक आके आंसू आज पी गया कोई, जख्मों को मेरे जैसे आज सी गया कोई’ सुनाकर युवाओं में जोश भर दिया। व्यंग्यकार तेज नारायण शर्मा, कवि पदम अलबेला, डॉ. नरेश कात्यान, तेज नारायण बेचैन आदि ने दर्शकों का जमकर मनोरंजन कराया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर, योगेश मिश्रा, अमित शर्मा, पालिका ईओ केके सोनकर, केशव राजपूत, वीरेंद्र पाल, पूर्व पालिका अध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान, मुईन उद्दीन समेत सैकड़ों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे।