पनवाड़ी/कनकुआं। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम महोबकंठ के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने विद्यालय जा रहे बाइक सवार प्रधानाध्यापक को टक्कर मार दी। हादसे में प्रधानाध्यापक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश में जुट गई है। घटना से शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना महोबकंठ के ग्राम पहाड़िया निवासी कालीचरन राजपूत (38) पुत्र गोटीराम विकासखंड पनवाड़ी के प्राथमिक विद्यालय गड़ौरा में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। शनिवार को विद्यालय जाते वक्त ग्राम महोबकंठ के आरएन ढाबा के समीप सामने से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। इससे वे वहीं पर गिर गए। हेलमेट न लगाए होने से सिर पर गंभीर चोटें आईं और अधिक खून निकलने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई। मौके पर पहुंचकर शिक्षकों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। घटना से मृतक की पत्नी सरोज व दो पुत्र मानवेंद्र (11) और धर्मेंद्र (06) का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक कालीचरन पूर्व में शिक्षामित्र थे। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा पास कर अध्यापक बने थे। शिक्षक अंकित चतुर्वेदी, देवेंद्र नायक, अवधेश त्रिपाठी, नृपेंद्र कुमार, जयसिंह आदि ने प्रधानाध्यापक की मौत पर शोक जताया है।