प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 24 अक्तूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम स्थगित हो गया है। जिलाध्यक्ष ने जल्द ही नई तिथि की घोषणा करने की बात कही है। प्रधानमंत्री के आने की जानकारी मिलते ही भाजपाइयों में मायूसी छा गई। साथ ही बुंदेलखंड के संभावित प्रत्याशियों को भी करारा झटका लगा है। इतना ही नही गुरुवार को बुंदेलखंड के सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों व पदाधिकारियों की होने वाली बैठक भी स्थगित कर दी गई है।
मालूूम हो कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुंदेलखंड के जनपद महोबा में 24 अक्तूबर को कार्यक्रम तय था। इसकी अधिकारिक घोषणा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने महोबा आकर की थी। साथ ही प्रधानमंत्री की रैली के लिए तीन स्थानों का चयन कर पार्टी कार्यालय लखनऊ भेज दिया था। प्रधानमंत्री की रैली का कार्यक्रम तय होते ही जिले के भाजपाई खासे गदगद थे। इसी बीच गुरुवार को जिलाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री का कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना पार्टी के लोगों को दी।
मोदी का कार्यक्रम स्थगित होने से सबसे ज्यादा झटका बुंदेलखंड के विधानसभा के संभावित प्रत्याशियों को लगा है। प्रधानमंत्री की रैली से बुंदेलखंड की सभी सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को खासी बढ़त मिलना तय मानी जा रही थी। कार्यक्रम स्थगित होने से बुंदेलखंड स्तरीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक भी रद्द कर दी गई है।
भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सेंगर ने बताया कि बुंदेलखंड महोबा सबसे ज्यादा सूखे से प्रभावित होने के कारण महोबा में प्रधानमंत्री की रैली कराने का प्रस्ताव रखा गया था। जिसे हरी झंडी मिल गई थी। लेकिन कुछ कारणों के चलते कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। जल्द ही अगली तिथि घोषित की जाएगी।