कोतवाली चरखारी के ग्राम टोलासोयम में दबंगों ने शौच को गई महिला को रोककर गाली गलौज की। किसी तरह घर पहुंची महिला ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। कुछ देर बाद दबंग लोग महिला के घर पहुंच गए और पत्थरबाजी करने लगे। दरवाजे पर खड़े ट्रैक्टर व थ्रेसर मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़िता ने कोतवाली चरखारी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम टोलासोयम निवासी ममता पत्नी देवेंद्र बुधवार शाम शौच के लिए खेतों की ओर जा रही थी। आरोप है कि तभी रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों ने महिला को रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। दबंगों से डरी महिला किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को मामले से अवगत कराया। परिजन उलहना देने दबंगों के घर जाते इससे पहले ही दोनों दबंग महिला के घर आ गए और गाली गलौज करते हुए बाहर निकलने की धमकी देने लगे। जब कोई भी व्यक्ति घर से बाहर नही निकला तो दबंगों ने पथराव कर दिया।
जिससे ट्रैक्टर व थ्रेसर मशीन क्षतिग्रस्त हो गई। गुरुवार को पीड़ित महिला ने परिजनों के साथ कोतवाली चरखारी में घटना की नामजद तहरीर सौंपी। कोतवाली प्रभारी बलजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रर्वाई की जाएगी।