महोबा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी लाभार्थियों का अब सोशल ऑडिट कराया जाएगा। 15 मई से 30 जून तक जिले की 273 ग्राम पंचायतों में बैठकें आयोजित की जाएगीं। जिसमें पात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया जाएगा।
अपात्रों को सूची से हटाते हुए योजना से वंचित पात्र किसानों को लाभ दिया जाएगा। जिले में 1,38,463 किसान प्रधानमंत्री सम्मान योजना का लाभ ले रहे हैं। इन किसानों में कई लाभार्थी अपात्र हैं, जिसको लेकर सोशल ऑडिट कराए जाने का फैसला लिया गया है।
उप कृषि निदेशक डॉ. एसके सिंह यादव ने बताया कि 15 मई से 30 जून तक कृषि विभाग के कर्मचारी, लेखपाल व ग्राम विकास अधिकारी सोशल ऑडिट की बैठक करेंगे। जिसमें ग्राम पंचायत के सार्वजनिक स्थल पर लाभार्थियों की सूची चस्पा की जाएगी। कर्मचारी सभी लाभार्थियों की सूची बैठक में उपस्थित ग्रामीणों के सामने पढ़कर सुनाएंगे।