शिवमंदिर में पूजा अर्चना करते भक्त
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सावन मास के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी। भक्तों ने दूध, शहद, बेलपत्र व गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक कर माथा टेका। पूरे दिन शिवालय हर हर महादेव व घंटा घड़ियालों से गूंजते रहे। सुरक्षा के लिए मंदिरों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रहा।
सोमवार को भोर से ही शिव मंदिरों में भक्ताें की भीड़ जुटी। भक्तों ने शहर के ऐतिहासिक बलखंडेश्वर मंदिर, शिवतांडव मंदिर, बड़ी चंद्रिका स्थित विशाल शिवमंदिर, रामकथा मार्ग स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर आदि मंदिरों में पहुंचकर पूजा अर्चना की।
भोर से शुरू हुआ भक्तों के आने जाने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। तमाम भक्तों ने व्रत रखकर भगवान शिव की उपासना की। मंदिरों में बज रहे भगवान शंकर के गीतों से माहौल भक्तिमय बना रहा। मंदिरों में विभिन्न प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान कराए जा रहे हैं।
शहर के रामकथा मार्ग स्थित द्वादश ज्योर्तिलिंग मंदिर में शिवलिंग निर्माण का काम चल रहा है। सावन के पहले सोमवार से शुरू हुआ यह कार्यक्रम पूरे माह चलेगा। इसमें महिलाओं और युवतियों की भारी भीड़ जुट रही है। शिवलिंग बनाने के दौरान महिलाएं भजनों से माहौल भक्तिमय किए है। मिट्टी के तैयार कराए जा रहे शिवलिंग को सावन के अंतिम सोमवार को विशेष अनुष्ठान के साथ विसर्जित किया जाएगा।
सावन माह के सोमवार को अधिकांश महिलाएं, युवतियां व भक्त व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना करते है। पर्व के चलते फलों की मांग बढ़ जाने से इनके दाम आसमान छू रहे है। 20 रुपये दर्जन बिकने वाले केले 40 से 50 रुपये दर्जन बिक रहे है वही 100 से 150 रुपये में बिकने वाला सेब 200 रुपये किलो बिक रहा है। अन्य फलाें के दामों में भी इजाफा हुआ है। जिससे भक्तों को अधिक जेब ढीली करनी पड़ रही है।