खरेला (महोबा)। कस्बा खरेला में एक माह से पेयजल आपूर्ति ठप होने के मामले में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेेर बेग ने जल निगम के अधिकारियों के साथ खरेला पहुंच पेयजल संकट की हकीकत परखी। पेयजल से वंचित मोहल्लों के लिए एडीएम ने पानी की टंकी व ट्यूबवेल का प्रस्ताव शासन को भेजने का भरोसा दिया। साथ ही लीकेज पाइपलाइन को दुरुस्त कराकर दो दिन के अंदर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने के जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों को निर्देश दिए।
कस्बा खरेला में एक माह से अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप है। बूंद-बूंद पानी को लेकर परेशान कस्बावासियों की समस्या को लेकर विभिन्न हिंदू संगठनों ने जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व सदर विधायक राकेश गोस्वामी को ज्ञापन सौंपकर समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी।
डीएम ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए एडीएम नमामि गंगे को जांच के आदेश दिए थे। मंगलवार को एडीएम ने जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों के साथ कस्बा खरेला के मोहल्लों का भ्रमण कर पेयजल समस्या की जानकारी ली।
एडीएम ने कस्बे में बिछाई गई पाइप लाइन व जलापूर्ति का सत्यापन किया। कई स्थानों से पाइपलाइन लीकेज होने के चलते पानी न आने की बात सामने आई। तब उन्होंने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संदेश तोमर व जल निगम के अवर अभियंता पवन सिंह को लीकेज पाइपलाइनें दो दिन के अंदर दुरुस्त कराकर आपूर्ति चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कस्बे के सादराय, रायसिंह, सादराय तृतीय, मानिक, डिगुर्राय व हले आदि मोहल्लों के लिए नई पानी की टंकी स्थापित किए जाने का प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए है।