शहर के मोहल्ला कठकुलवापुरा बंधानवार्ड में सड़क निर्माण को लेकर शुक्रवार को मोहल्लेवासी भड़क गए।
विकसित इंडियन संगठन के साथ लोगों ने हंगामा किया और कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को शिकायतीपत्र सौंपा, जिसमें कच्ची सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। ताकि लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कत से निजात मिल सके।
संगठन के जिलाध्यक्ष सिद्धांत त्रिपाठी के नेतृत्व में कठकुलवापुरा बंधानवार्ड के रामवीर, नीरज प्रजापति, मूलचंद्र, कृष्णा द्विवेदी, माया, देवकी, हरकुंवर समेत दो दर्जन से अधिक मोहल्लेवासियों ने डीएम अवधेश कुमार तिवारी को सौंपे शिकायतीपत्र में बताया कि मोहल्ले में नीरज प्रजापति के मकान से लखन अनुरागी के मकान तक कच्ची सड़क है।
सबसे ज्यादा दिक्कत बारिश के मौसम में होती है। सड़क में जलभराव व कीचड़ फैलने से लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कत का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। छोटे-छोटे बच्चे अक्सर कीचड़ में गिरकर चुटहिल हो जाते हैं।
बताया कि कई बार सड़क निर्माण की मांग की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे लोगों में आक्रोश है। सड़क में कीचड़ फैला होने से कोरोना संक्रमण के इस दौर में बीमारियां फैलाने की आशंका बनी है।
उन्होंने मोहल्ले में सीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। डीएम ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए जांच कराकर सड़क का निर्माण कराने का भरोसा दिया है।