प्रदर्शन करती महिलाएं व आवास के लिए तहसील पहुंची महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
नगर पंचायत कबरई में समाजवादी पेंशन का लाभ न मिलने से नाराज महिलाओं ने मंगलवार को तहसील पहुंच कर प्रदर्शन किया। वहीं, कबरई की ही करीब कई महिलाओं ने लोहिया आवास दिलाने की मांग की। महिलाओं ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा। इसमें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग की गई है। कस्बा कबरई के मोहल्ला इंद्रानगर,
विशालनगर, लक्ष्मीबाईनगर की निवासी कुसुम, आशारानी, कमला, चुनुवादी, जगतरानी, सुमितरानी, विद्या, शहनाज, रईसा सहित तमाम महिलाओं ने एसडीएम नंहकू को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वह बेहद गरीब और मजदूरी पेशा महिलाएं है। सरकार की समाजवादी पेंशन योजना के लिए उन्होंने आवेदन किया था। लेकिन उनके नाम पात्रता सूची से हटा दिए गए।
अंत्योदय राशन कार्ड न होने के चलते उन्हें आवासों का लाभ भी नहीं दिया गया। महिलाओं ने समाजवादी पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। कस्बा कबरई के विशालनगर निवासी, शहनाज, गुड्डो, हसीना, राजिया आदि ने एसडीएम को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि वह झुग्गी झोपड़ी बनाकर किसी तरह अपनी गुजर बसर कर रही हैं। लेकिन उन्हें आवासों
का लाभ नहीं दिया गया। जबकि पक्के मकान स्वामियों व काश्तकारों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने मामले की जांच कराकर पात्रों को आवासों का लाभ दिलाने की मांग की है।