श्रीनगर (महोबा)। थाना श्रीनगर क्षेत्र के बिलरही जंगल में सोमवार को युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिलने के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी ने गांव के ही छह लोगों पर पति की हत्या का आरोप लगाया है। तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी (हैंगिंग) से मौत होने की पुष्टि हुई है।
थाना महोबकंठ के कोटरा गांव निवासी हरीचरण (32) पुत्र जसीराम अपनी ससुराल थाना श्रीनगर के ग्राम सिजवाहा आया था। सोमवार को हरीचरण का शव बिलरही जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे से झूलता मिला था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मंगलवार को मृतक की पत्नी कुंवर देवी ने थाना श्रीनगर में तहरीर देकर गांव के ही छह लोगों पर पति की हत्या कर शव फांसी में लटकाए जाने का आरोप लगाया है। बताया कि 11 दिसंबर को उसके पति छतरपुर में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। तब गांव के लोगों के साथ झगड़ा हुआ था और बारात नहीं जाने दी थी। तब पुलिस को सूचना दी गई थी। इसी खुन्नस के चलते गांव के ही लोगों ने उसके पति का अपहरण कर जंगल ले गए और हत्या कर शव फांसी के फंदे लटका दिया। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत होने की पुष्टि हुई है। हालांकि पुलिस घटना की जांच कर रही है।