आरोग्य मेले में मरीज को आयुर्वेद दवा की किट देते डॉक्टर।
- फोटो : MAHOBA
अजनर (महोबा)। शासन के निर्देश पर रविवार को स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों को आयोजन किए गए। अजनर स्वास्थ्य केंद्र में मेले के दौरान आयुर्वेद चिकित्सा के प्रति मरीजों में विश्वास दिखा। यहां 55 मरीजों ने आयुर्वेद पद्घति से अपना इलाज कराया। 20 मरीजों को आयुरक्षक किटें वितरित की गईं।
शासन के निर्देश पर प्रत्येक रविवार को आरोग्य मेलों के आयोजन किए जा रहे हैं। जिसमें लोगों की निशुल्क जांच के साथ दवा मुहैया कराई जा रही है। स्वास्थ्य केंद्र अजनर में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र पाल, स्टाफ नर्स भगवती देवी की देखरेख में मेले का आयोजन किया गया। जिसमें 55 मरीजों का आयुर्वेद चिकित्सा पद्घति से उपचार किया गया। इलाज कराने आए लक्ष्मी प्रसाद राजपूत, लालता प्रसाद व बाकिर हुसैन ने बताया कि आयुर्वेदिक दवाओं से उन्हें खासा आराम मिला है। आयुरक्षक किट से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ रही है।
अकौना केंद्र में आयोजित आरोग्य मेले में 54 मरीजों की जांच कर इलाज किया गया। यहां सर्दी, जुकाम, बुखार के अलावा शरीर में दर्द के मरीज सर्वाधिक रहे। डॉ. सुनीता सिंह व डॉ. रवि वर्मा ने मरीजों की जांच कर दवाएं दी। खमा केंद्र में आयोजित आरोग्य मेले में डॉ. प्रेमनारायण, डॉ. मनोज कुशवाहा व फॉर्मासिस्ट शैलेंद्र सिंह ने 51 मरीजों का इलाज कर दवाएं दी।