सौ बेड वाले जिला अस्पताल में डाक्टरों के कमी के चलते यहां आने वाले मरीजों को सही इलाज नहीं मिल पा रहा है। जिला अस्पातल में तैनात दस डाक्टरों में से चार डाक्टरों की ड्यूटी इमरजेंसी और पोस्टमार्टम हाउस में लगी होने से ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी रहती है। जिससे परेशान मरीजों को कानपुर, झांसी और छतरपुर जाना पड़ता है। वहीं ग्रामीण अंचलों में स्थित प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डाक्टरों के न आने से मरीजों को चिक्त्सिकीय सुविधाएं नहीं मिल पा रही है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी से मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। कारण है कि बुंदेलखंड में डाक्टर आना पसंद नहीं करते है। अगर धोखे से किसी का स्थानांतरण हो भी जाए तो डॉक्टर ज्वाइन नहीं, जिससे जिला अस्पताल में विशेषज्ञ तो दूर रेडियोलॉजिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ तक नहीं है। वहीं इसके साथ ही लोगों को गंभीर रोग होने पर झांसी, छतरपुर एवं कानपुर जाना पड़ता है। लगभग सात माह पहले नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ नरेंद्र सिंह राजपूत ने जिला अस्पताल में ज्वाइन किया था, जिसके बाद से वह आज तक जिला अस्पताल नहीं आए, जिससे जिला अस्पताल में 25 डॉक्टरों के सापेक्ष महज दस डाक्टर की तैनात है। जिसमें से तीन डाक्टर इमरजेंसी और एक डाक्टर पोस्टमार्टम में लगे हए है। जिससे जिला अस्पताल में चिकित्सा सुविधा गड़बड़ा गई है। 1997 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जिला अस्पताल का दर्जा मिल गया, लेकिन 18 साल बाद भी जिला अस्पताल का पैरामेडिकल स्टाफ नहीं मिला। कुछ डाक्टरों ने अन्य जनपदों के लिए स्थानांतरण कर लिया, वहीं कुछ डाक्टरों के स्थानांतरण न होने से वह बिना छुट्टी के गायब हो गए, जिससे जिला अस्पताल में दूर-दराज से आने वाले मरीजों को समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जिला अस्पताल में डाक्टरों की स्थिति
पद नाम स्वीकृत पद मौजूदा स्थिति
चिकित्सक 25 10
फार्मासिस्ट 14 03
स्टाफ नर्स 32 03
वार्ड व्वाय 20 02
चौकीदार 04 02
जिला अस्पताल में डाक्टरों की नियुक्ति के लिए कई बार चिकित्सा निदेशक और शासन को पत्र लिखा गया। पूर्व में भी तत्कालीन मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों द्वारा पैरामेडिकल स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए भी पत्र लिखे गए, लेकिन यहां पर डाक्टरों के न आने से समस्या बढ़ गई है। जिला अस्पताल में कई संविदा चिकित्सकों से काम चलाया जा रहा है।
उदयवीर सिंह
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल महोबा
शासन ने डाक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए संविदा चिकित्सकों की नियुक्ति संबंधी आदेश जारी कर दिया है, जिससे जल्द ही जिला अस्पताल व अन्य अस्पतालों में डाक्टरों की कमी पूरी हो जाएगी। संविदा पर चिकित्सकों की नियुक्ति 31 जुलाई तक करने के आदेश दिए गए हैं।
एसके वार्ष्णेय
मुख्य चिकित्सा अधिकारी महोबा