राजकीय पालीटेक्निक में बुधवार को संपन्न हुई मतगणना के चलते दोपहर तक यातायात प्रभावित रहा। जिससे रेलवे स्टेशन और चरखारी को आने वाले यात्रियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं वाहन न मिलने से रेलवे स्टेशन तक यात्रियों को पैदल ही आना पड़ा।
जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर स्थित रेलवे स्टेशन के समीप राजकीय पालीटेक्निक में विधानसभा चरखारी उपचुनाव की मतगणना सुबह आठ बजे से शुरू की गई। जिसके मद्देनजर प्रशासन ने रेलवे स्टेशन व चरखारी मार्ग पर दोनों तरफ बैरियर लगा दिए । साथ ही पालीटेक्निक के बाहर मतगणना का परिणाम जानने वालाें का भारी हुजूम लगा रहा। सड़काें पर भारी पुलिस फोर्स और ग्रामीणाें की भीड़ के चलते इस मार्ग पर सुबह सात बजे से ही वाहनों का आवागमन ठप हो गया था। जिसके चलते लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा जिससे स्टेशन आने जाने वाले यात्रियों को पैदल ही यात्रा करनी पड़ी। वहीं दूसरे मार्ग से चले एक्का दुक्क ा वाहनों ने यात्रियों से अधिक किराया वसूला।