महोबा। डीएम प्रभास कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। डीएम ने बाईपास मार्ग के चौड़ीकरण को देखते हुए परमानंद तिराहे स्थित टैक्सी स्टैंड को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। कहा कि शीघ्र ही इसके लिए भूमि का चयन किया जाए। साथ ही टैक्सी स्टैंड पर पार्क किए जा रहे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बैठक में डीएम ने एनएचएआई छतरपुर व कानपुर के अधिकारियों को मार्गों पर निर्धारित गति सीमा के बोर्ड, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्रों के संकेतक लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी को परमानंद चौक से झलकारी बाई तिराहे तक बाईपास मार्ग पर सड़क के बीच बने डिवाइडर व सड़क किनारे लगे खंभों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाने के लिए निर्देशित किया।
पालिका ईओ को सड़कों पर बैठ रहे अन्ना मवेशियों को गोशाला पहुंचाने को कहा। एनएच झांसी के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित स्थलों पर शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में एसपी शशांक सिंह, एडीएम न्यायिक सुखवीर सिंह, अपर एसपी वंदना सिंह, एसडीएम शिवध्यान पांडे, सीओ रविकांत गोंड आदि मौजूद रहे।