महोबा। उद्यान विभाग की ओर से रबी सीजन वर्ष 2026-27 में किसानों को आधारित व प्रमाणित शाकभाजी बीज का वितरण किया जाएगा। जनपद को शाकभाजी के 451 किग्रा बीजों का आवंटन प्राप्त हो गया है। इसे जल्द ही किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला उद्यान अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि किसानों को कृषि कार्य के लिए शाकभाजी बीज नकद बिक्री पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए जनपद को मटर आजाद और मटर काशी उदय 80-80 किग्रा, मटर अर्किल, मटर काशी नंदनी व मटर काशी अगेती 40-40 किग्रा, मेथी आजाद आठ किग्रा, मेथी पीईबी 12 किग्रा, मूली श्वेता आठ किग्रा, धनिया आजाद 15 किग्रा, पालक अलग्रीन 40 किग्रा, राजमा काशीराज हंस का आठ किग्रा बीज प्राप्त हुआ है। यह बीज किसानों को कृषि कार्य के लिए बांटा जाएगा।
इन बीजों का इस्तेमाल कर किसान बेहतर उपज हासिल कर सकते हैं। पात्र किसानों को यह बीज उपलब्ध कराया जाएगा। शाकभाजी बीज लेने के इच्छुक किसान अधिक जानकारी के लिए शहर के छतरपुर रोड स्थित उद्यान विभाग के राजकीय बहुउद्देश्यीय औद्यानिक इकाई कार्यालय में पहुंचकर प्राप्त कर सकते हैं।