कुलपहाड़ (महोबा)। कोतवाली कुलपहाड़ के कमालपुरा गांव में कुआं पूजन कार्यक्रम में ननिहाल आए डेढ़ वर्षीय मासूम की पानी से भरी बाल्टी में डूबने से मौत हो गई। घटना से खुशियां मातम में बदल गईं और कुआं पूजन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।
कमालपुरा गांव निवासी दशरथ कुशवाहा के घर शनिवार को कुआं पूजन कार्यक्रम था। जिसमें शामिल होने के लिए उसकी पुत्री कल्पना कानपुर देहात के सजेती से अपने छोटे पुत्र डेढ़ वर्षीय आयुष के साथ मायके आई थी। सुबह करीब दस बजे परिजन व रिश्तेदार कुआं पूजन की तैयारियों में लगे थे। तभी मासूम आयुष खेलते-खेलते स्नानघर में पहुंच गया और पानी से भरी बाल्टी में गिर गया। 15 लीटर पानी से भरी बाल्टी में सिर नीचे होने से उसकी हालत बिगड़ गई। एक घंटे बाद जब परिजनों की नजर पड़ी तो मासूम को सीएचसी कुलपहाड़ ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मासूम की मौत के बाद कुआं पूजन कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया।