फोटो 22 एमएएचपी 08 परिचय-बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के यज्ञेश गुप्ता को शंकरलाल पुरस्कार देते अति
महोबा। बुंदेलखंड राज्य आंदोलन के जनक शंकर लाल मेहरोत्रा की 24वीं पुण्यतिथि पर शनिवार आल्हा चौक के आंबेडकर पार्क में सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। जिसमें बुंदेलखंड राज्य को लेकर संघर्ष कर रहे पद्मश्री उमाशंकर पांडेय समेत चार लोगों को शंकरलाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी ने एक स्वर में अलग राज्य निर्माण के मुद्दे को और धार देने पर जोर दिया।
समारोह में पूर्व सांसद पुष्पेन्द्र सिंह चंदेल, खरेला नगर पंचायत अध्यक्ष संतोष सिंह व बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने बांदा के पद्मश्री उमाशंकर पांडेय, दिल्ली के राजन धमेरिया, हमीरपुर के विनय तिवारी और महोबा निवासी बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के यज्ञेश गुप्ता को सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व सांसद ने कहा कि उन्होंने सिर्फ संसद में नहीं, पार्टी के हर फोरम में राज्य निर्माण का मुद्दा उठाया। ये बात अलग है कि अभी तक हम सफल नहीं हो पाए।
पद्मश्री उमाशंकर पांडेय ने कहा कि ऐसी क्या बात है जिसकी वजह से बुंदेलखंड राज्य की 36 साल पुरानी मांग अभी तक पूरी नहीं हो पाई। बुंदेलखंड के साथ आजादी के बाद सबसे ज्यादा अन्याय हुआ है और अभी भी हो रहा है। इसके लिए सभी को आगे आना होगा। इस मौके पर समाजसेवी सौरभ तिवारी, भागीरथ नगायच, महामंत्री अजय बरसैंया, गया प्रसाद, हरीओम निषाद, अमरचंद विश्वकर्मा, मनीष जैदका, रोहित मिश्र, दिलीप जैन, महेंद्र चौरसिया आदि मौजूद रहे।