कबरई (महोबा)। पत्थरमंडी कबरई में बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड डंपर काल बनकर दौड़ रहे हैं। 12 दिन में छात्र समेत दो लोगों की मौत के बाद भी ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने में जिम्मेदार नाकाम हैं। कानपुर-सागर व झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड डंपरों का संचालन खनिज व परिवहन विभाग की निगरानी पर सवाल खड़े कर रहा है।
डीएम प्रभास कुमार ने एक सप्ताह पहले टास्क फोर्स की बैठक की थी। इसमें अवैध खनन और खनिज परिवहन पर रोक लगाने के लिए वाहनों के दस्तावेज की जांच, चेकपोस्ट पर सघन निगरानी व सीसीटीवी कैमरों से नजर रखने के निर्देश दिए थे। बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड और जरूरी कागजात के बगैर चलने वाले वाहनों को सीज कर थाने में सुपुर्द करने को कहा गया था। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी है। सवाल है कि निगरानी व्यवस्था सक्रिय होने के बाद भी ऐसे वाहन जांच से कैसे बच निकलते हैं।
19 अक्तूबर को बीकॉम के छात्र अनुज साहू को बिना नंबर प्लेट ओवरलोड डंपर ने कुचल दिया था। छात्र की मौत से आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों ने जाम लगाया था। 29 अक्तूबर को भी पत्थरमंडी में गिट्टी लदे डंपर से कुचलकर इंदिरानगर निवासी बाइक सवार जीतेंद्र रैकवार की मौत हो गई थी। बावजूद इसके सोमवार को दोनों हाईवे पर बेरोकटोक ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट वाहन दौड़ते नजर आए। एआरटीओ दयाशंकर का कहना है कि लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। संयुक्त टीम भी जांच करती है। आगे भी चेकिंग अभियान जारी रहेगा।