महोबा/श्रीनगर। संक्रामक बीमारियों का कहर जारी है। रविवार की रात बुखार से पीड़ित महिला की मौत हो गई। वहीं पिछले 24 घंटे में छह मरीजों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जुटी। पर्चा बनवाने से लेकर काउंटर से दवाएं लेने के लिए मरीजों को खासी जद्दोजहद करनी पड़ी। ओपीडी में 789 मरीजों का उपचार किया गया। वहीं लैब में 136 मरीजों के ब्लड सैंपल लिए गए। एक मरीज में टाइफाइड की पुष्टि हुई जबकि डेंगू के तीन और मलेरिया के 27 सैंपल निगेटिव रहे।
वहीं राज, फूलकली, भूपेंद्र, राजदीप, शकुंतला व अलीशा को हालत नाजुक में वार्ड में भर्ती कराया गया। इधर थाना श्रीनगर के भंडरा गांव निवासी भूरी (60) तीन दिन से बुखार से पीड़ित थी। देर शाम उसकी हालत बिगड़ गई। बेटे फदाली उसे जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि मौसम में बदलाव से मरीजों की संख्या बढ़ी है। सुबह-शाम ठंडक बढ़ी है। इस दौरान बच्चों और बुजुर्गों में ध्यान देने की आवश्यकता है।