जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डिब्बे में बंद मृत सर्प को दिखाता अधेड़
- फोटो : MAHOBA
महोबा। थाना खन्ना के ग्राम मवईखुर्द में जानवरों को चारा डालते समय एक अधेड़ को सांप ने डस लिया। इसके बाद अधेड़ ने सांप को डंडे से कुचलकर मार डाला। बाद में सांप को एक डिब्बे में बंद करके अधेड़ इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच गया। यह नजारा देख इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीज व तीमारदार दंग रह गए।
ग्राम मवईखुर्द निवासी हरीचरण (48) पुत्र दीनदयाल पशुपालक है। वह रविवार की सुबह पशु बाड़े में जानवरों को चारा डाल रहा था। तभी उसके पैर में किसी ने काट लिया। उसने देखा कि सांप ने डसा है। तो उसे पकड़ लिया और डंडे से हमला कर दिया। इससे सांप मर गया।
बाद में सांप को एक प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर परिजनों के साथ इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंच गया। हरीचरण ने बताया कि गुस्से में आकर सांप को मार डाला। डिब्बे में बंद करके अस्पताल लाया। ताकि डाक्टरों को बता सकूं कि उसे किस सांप ने डसा है। वहीं डाक्टर का कहना है कि उसका उपचार किया जा रहा है। हालत में सुधार है।