कबरई (महोबा)। कस्बे के बांदा चौराहे में दो किराना दुकानों के रविवार को चोरों ने ताले तोड़ नगदी समेत हजारों की कीमत का माल ले उड़े। सुबह जब दुकानदार पहुंचे तो होश उड़ गए। पीड़ितों ने घटना की तहरीर थाने में दी है। वहीं चोरी की बढ़ती घटनाओं से व्यापारियों में आक्रोश है।
मोहल्ला किदवईनगर निवासी धर्मेंद्र साहू और भगतसिंह नगर निवासी पुरुषोत्तम की बांदा चौराहे में किराने की दुकानें हैं। रविवार की रात चोरों ने ताला तोड़कर अंदर घुसे और धर्मेंद्र की दुकान से गोलक में रखी 1,500 रुपये की नगदी व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया, जबकि पुरुषोत्तम की दुकान से बादाम, गुटका, तेल, शैंपू, सिक्के, सिगरेट, घी आदि चोरी कर ले गए। उधर, कस्बे में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ने से व्यापारी खफा हैं। उनका कहना है कि 15 दिन पहले एक गल्ला व्यापारी के यहां से चोरी हुई थी, जिसका आज तक खुलासा नही हो सका। एसओ देवेंद्र शुक्ला का कहना है कि जांच कराकर जल्द चोरों को पकड़ा जाएगा।