कुलपहाड़ (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण में कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते बारिश का पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस गया। ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी से शिकायत कर समस्या के जल्द निस्तारण की मांग की है।
झांसी-मिर्जापुर एनएच 76 में चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। कार्यदायी संस्था महाकाल कंस्ट्रक्शन ने निर्माण के दौरान नाले-नालियों को बंद कर दिया। बुधवार की रात हुई झमाझम बारिश के चलते निकासी न हो पाने के कारण ग्राम लाड़पुर में सड़क किनारे बने मकानों और दुकानों में पानी भर गया। दो-दो फीट पानी भर जाने से दुकानों और मकानों में रखा अनाज व अन्य सामग्री पानी में डूब जाने से बर्बाद हो गई। जिससे ग्रामीणों का लाखों रुपये का
नुकसान हुआ है। गांव निवासी झगडू कुशवाहा का करीब दस क्विंटल प्याज बर्बाद हो गया। करन राजपूत की दुकान में फ्रिज व फर्नीचर पानी भरने से खराब हो गया। इसी तरह देवीचरण राजपूत सहित कई लोगों की दुकानों का सामान बर्बाद हो गया। ग्रामीणों ने एसडीएम मोहम्मद उवैस को प्रार्थना पत्र दिया।