खरेला (महोबा)। बसौठ में विवाहिता ने पति से विवाद के बाद फांसी लगा ली। बसौठ निवासी आनंद कुशवाहा अपने परिजनों के साथ खेत में कटाई करने गया था। घर में उनकी पत्नी सीमा (28) अकेली थी। किसी बात से नाराज सीमा ने परिजनों के खेत जाने के बाद फांसी लगा ली। शाम चार बजे करीब परिजन घर पहुंचे तो सीमा को फांसी में लटका देखा। पति आनंद की सूचना पर पहुंची खरेला पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया महिला ने आत्महत्या की है। इसकी जांच कराई जा रही है। घरेलू विवाद का मामला सामने आया है। संवाद
हार्वेस्टर मशीन की चपेट में आकर युवक की मौत
चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के सबुआ में हार्वेस्टर मशीन के पट्टे की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। पंजाब के अमरगढ़ निवासी रामदयाल सिंह (30) पुत्र गुरमेर सिंह दो माह पहले हार्वेस्टर मशीन लेकर महोबा आया था। वह अपने साथियों हर्मेंदर सिंह व धरमजीत सिंह के साथ खेतों में खड़ी फसल को हार्वेस्टर मशीन से काटने का काम कर करता था।
मंगलवार को कोतवाली चरखारी के सबुआ निवासी रंजीत सिंह पुत्र रामनाथ के खेत में गेहूं की फसल की मड़ाई की जा रही थी। तभी हार्वेस्टर मशीन का पट्टा निकल गया। चलती मशीन में पट्टा चढ़ाने का प्रयास कर रहा रामदयाल सिंह पट्टे की चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के बाद आननफानन में साथियों द्वारा उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच करते हुए मामले की सूचना मृतक के परिजनों को दी है। पुलिस का कहना है परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। संवाद