महोबा। सिंचाई विभाग ने लहचूरा बांध के आठ फाटक खोलकर 1.2 लाख क्यूसेक पानी धसान नदी में छोड़ा है। बांध के आसपास महोबा के छह गांवों में अलर्ट भी जारी किया गया है।
सिंचाई विभाग के कर्मचारी दो-दो घंटे के अंतराल में बांध का जलस्तर नाप कर इसकी रिपोर्ट विभागीय उच्चाधिकारियों के माध्यम से शासन को भेज रहे हैं।
मध्यप्रदेश में हो रही बारिश से वहां के बानसुजारा बांध से पानी छोड़ा गया है। ऐसे में सीमा पर स्थित लहचूरा बांध लबालब हो गया है। बताया जा रहा है कि बारिश से टीकमगढ़ जिले से करीब 100 किमी दूर स्थित बानसुजारा बांध में क्षमता से ज्यादा पानी आ गया है।
इसे लेकर धसान नदी में बुधवार को 88 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इससे धसान नदी का जलस्तर बढ़ गया और यह पानी धसान नदी से बुधवार को यूपी-एमपी की सीमा पर स्थित लहचूरा बांध में पहुंच गया।
इस कारण से लहचूरा बांध की जल भंडारण क्षमता फुल हो गई। लहचूरा बांध में क्षमता से अधिक पानी आने की सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी गई। बृहस्पतिवार को लहचूरा बांध के 24 गेटों में से आठ गेट खोलकर 1.2 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
लहचूरा बांध के जेई रामआसरे यादव ने बताया कि धसान नदी में ज्यादा पानी आने से लहचूरा बांध में तेजी से पानी बढ़ रहा है। बांध पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है।
इन गांवों में जारी किया गया अलर्ट
महोबा। लहचूरा बांध से पानी छोड़े जाने से महोबा जिले के छह गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। इनमें काशीपुरा, बीहट, स्योढ़ी, लोहरगांव, नगाराघाट व सिलालपुरा गांव में ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव के लिए मुनादी कराकर जानकारी दी गई है। ताकि, बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है तो हालात को काबू किया जा सके। नदी किनारे स्थापित मकानों में रहने वाले लोगों को ऊंचाई वाले इलाकों में भेजा जा सके।