महोबा। झांसी बुंदेलखंड विश्वविद्यालय (बीयू) के तहत जनपद में संचालित 26 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सेमेस्टर परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
इसको लेकर विश्वविद्यालय की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है। परीक्षा के लिए आवेदन करने के लिए छात्रों को 11 दिन का समय मिला है। इसके बाद आवेदन करने पर छात्रों को विलंब शुल्क जमा करना पड़ेगा।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से जनपद महोबा के तीन राजकीय व 23 निजी महाविद्यालय संबद्ध हैं। स्नातक व स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर को छोड़कर अन्य सभी सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही भूतपूर्व, बैक पेपर, श्रेणी सुधार पर व्यक्तिगत परीक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए भी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
29 नवंबर तक परीक्षा के आवेदन होंगे। इसके बाद 30 नवंबर से पांच दिसंबर तक विलंब शुल्क पांच सौ रुपये के साथ आवेदन होंगे। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों को आदेश भेजा है।
शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुशील बाबू ने छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सीमा के अंदर आवेदन करने की बात कही है। आवेदन न करने वाले छात्र-छात्राएं सेमेस्टर परीक्षा से वंचित हो जाएंगे।