महोबा। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक और परास्नातक कक्षाओं की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए छात्रों को एक और मौका दिया गया है। पांचवें, सातवें व नौवें सेमेस्टर परीक्षा के फॉर्म अब पांच नवंबर तक भरे जाएंगे।
जनपद के 23 निजी और चार राजकीय महाविद्यालय बुंदेलखंड विश्वविद्यालय झांसी से संबद्ध हैं। बीयू की ओर से विषम सेमेस्टर परीक्षाओं की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसके बाद भी फॉर्म भरने की गति धीमी चल रही है। विश्वविद्यालय की ओर से पांचवें, सातवें व नौवें सेमेस्टर के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि दो नवंबर निर्धारित की गई। अंतिम तिथि तक करीब 15 हजार विद्यार्थियों ने फॉर्म नहीं भरे थे। ऐसे में छात्रहित को देखते हुए विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाकर पांच नवंबर कर दी गई है।
वहीं, प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के भी अभी तक पांच फीसदी अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरे गए हैं। स्नातक व स्नातकोत्तर प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के करीब दो लाख छात्रों में अभी तक 11 हजार ने ही परीक्षा फॉर्म भरे हैं। प्रथम व तृतीय सेमेस्टर के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि नौ नवंबर है। हालांकि कहीं-कहीं समर्थ पोर्टल से परीक्षा फॉर्म भरते समय तकनीकी समस्या अथवा सर्वर धीमा होने से दिक्कत आ रही है। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राजबहादुर ने बताया कि पांचवें, सातवें और नौवें सेमेस्टर के फॉर्म भरने के लिए छात्रों को एक और मौका दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों के प्राचार्य, प्रबंधकों आदि को जल्द प्रत्येक विद्यार्थी से परीक्षा फॉर्म भरवाने के आदेश दिए गए हैं।