महोबा। मीटर रीडरों का दो माह से वेतन भुगतान न होने और आउटसोर्स सेवा के तहत निगम में शामिल किए जाने की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलित हैं। बुधवार को समस्याओं के निराकरण को लेकर आक्रोशित मीटर रीडरों ने अधीक्षण अभियंता एसपी सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निस्तारण की मांग की।
मीटर संघ के अध्यक्ष योगेश गुप्ता, मुबीन अख्तर खां, सुनील कुमार, मोहम्मद अलीम, राजेश वर्मा, पुष्पेंद्र कुमार, इंद्रपाल, आमिर, प्रिंस साहू, कौशल आदि ने ज्ञापन में बताया कि वह कई सालों से बिजली निगम में कार्य कर रहे हैं। दशहरा जैसा महत्वपूर्ण त्योहार बिना वेतन के गुजर गया। अब दिवाली करीब है लेकिन अभी तक वेतन नहीं दिया गया। इससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
वेतन की मांग करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। उन्होंने पर्व से पहले दो माह का वेतन दिलाने, समय से वेतन भुगतान कराने, नौकरी से निकालने की धमकी देने के मामले में जांच कराने, आउटसोर्स सेवा के तहत निगम में शामिल कराने और शोषण से मुक्ति दिलाकर रोजगार सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।