महोबा। एक जिला एक व्यंजन योजना में जनपद महोबा में मोटे अनाज से बने व्यंजन को शामिल किए जाने पर विचार-विमर्श चल रहा है। यदि इसे योजना में शामिल किया जाता है तो पौष्टिक गुणों से भरपूर मोटे अनाज से बने उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।
इसके साथ ही मोटे अनाज की खेती करने के लिए किसानों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। ताकि मोटे अनाज की पैदावार ज्यादा से ज्यादा हो सके। इससे मोटे अनाज के व्यंजन बनाने के लिए इस अनाज की उपलब्धता आसानी से हो सके। जिले में साल दर साल मोटे अनाज की खेती का दायरा बढ़ रहा है। ऐसे में यदि मोटे अनाज के व्यंजनों को इस योजना में शामिल किया जाता है तो इसकी मांग बढ़ेगी ।
उपायुक्त उद्योग महेशचंद्र सरोज का कहना है कि मोटे अनाज पौष्टिक गुणों से भरपूर होते हैं। एक जनपद एक व्यंजन के लिए मोटे अनाज से बने व्यंजन को शामिल किए जाने पर विचार-विमर्श हो रहा है।