महोबा। गौतमबुद्धनगर में होमगार्डों की फर्जी ड्यूटी दिखाकर करोड़ों के वेतन घोटाले का खुलासा होने के बाद बुधवार को जिले के कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। तैनात अधिकारी व लिपिक कागजात दुरुस्त करते नजर आए।
गौतमबुद्धनगर में होमगार्डों की फर्जी ड्यूटी दिखाकर करोड़ों का वेतन घोटाला किया गया। एक दिन पहले फर्जीवाड़ा की फाइलों में आग लगा दिए जाने के बाद जिला कमांडेंट होमगार्ड्स कार्यालय में सन्नाटा रहा। कार्यालय में तैनात अधिकारी व आधा दर्जन कर्मचारी अपने-अपने काम में जुटे रहे। गेट पर गार्ड व कुछ कर्मचारी कुर्सी डालकर बैठे नजर आए। कामकाज चलता रहा। जिला कमांडेंट सहायक रामनारायण ने बताया कि जिले में 489 होमगार्ड तैनात हैं। 35 फीसदी होमगार्ड कम कर दिए गए हैं। शेष की ड्यूटी चल रही है। कार्यालय में होमगार्ड की कमी है। गड़बड़ी का सवाल ही नहीं है, सभी अभिलेख पूरे हैं। उच्चाधिकारी किसी भी समय अभिलेखों की जांच व मिलान कर सकते हैं।