महोबा। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अब टीबी (क्षय रोग) मरीजों की निगरानी एक उन्नत डिजिटल प्लेटफॉर्म स्पर्श पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। जिले में इस व्यवस्था की शुरुआत होने जा रही है। इस पोर्टल के जरिए मरीजों के उपचार, पोषण सहायता और स्वास्थ्य की प्रगति का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके साथ ही मरीजों को समय पर दवा और पोषाहार सहायता भी सुनिश्चित की जाएगी।
शासन की ओर से प्रत्येक मरीज को निक्षय पोषण योजना के तहत हर माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है ताकि वे पौष्टिक आहार ले सकें। इसके अलावा सभी मरीजों को पूरी तरह निशुल्क दवा उपलब्ध कराई जाती है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्पर्श पोर्टल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक डिजिटल स्वास्थ्य पहल है, इसे निक्षय इको सिस्टम का अभिन्न हिस्सा बनाया गया है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य टीबी मरीजों के उपचार की प्रक्रिया को तकनीकी रूप से अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाना है। इसके जरिए रोगियों की रीयल टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी। साथ ही उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही या रुकावट आने पर तत्काल कार्रवाई होगी। सीएमओ डॉ. आशाराम ने बताया कि स्पर्श पोर्टल के माध्यम से मरीजों की निगरानी करने में आसानी होगी।