-यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा को लेकर हो रहीं तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में इस बार उत्तर पुस्तिकाओं का प्रारूप बदला नजर आएगा। नई व्यवस्था के तहत उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही मुख्य कवर होगा। इस पर परीक्षा से संबंधित विवरण व परीक्षक की ओर से दिए गए अंकों का ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
यूपी बोर्ड की परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को मिलने वाली उत्तर पुस्तिकाओं के रंग भी अलग-अलग होंगे और उन पर क्यूआर कोड अंकित रहेगा। इससे उत्तर पुस्तिकाओं की पहचान आसान होने के साथ दूसरी कॉपी इस्तेमाल करने जैसी गड़बड़ियों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन व व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। शिक्षा विभाग परीक्षा केंद्रों के निर्धारण समेत अन्य तैयारियों में जुटा है, ताकि निर्धारित समय पर परीक्षा कराई जा सके। उधर, डीआईओएस प्रेमचंद ने बताया कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं माह फरवरी में प्रस्तावित हैं। बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। परीक्षा के दौरान बोर्ड की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन कराया जाएगा।