फोटो 12 एमएएचपी 12 परिचय-ब्लॉक जैतपुर क्षेत्र में इस तरह बिना सुरक्षा उपकरण पोल पर चढ़कर कनेक्श
महोबा। बिजली निगम के अधिकारी श्रीनगर क्षेत्र में दो दिन पहले हुई लाइनमैन देवेंद्र यादव की मौत के बाद भी उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। बिजली कनेक्शन काटने के लिए लगाए गए लाइनमैन बिना सुरक्षा उपकरणों के ही बिजली लाइनों पर काम कर रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी इस दौरान बरते जाने वाले सुरक्षा उपायों की अनदेखी कर रहे हैं। इससे हादसों का खतरा बना है।
इन दिनों बिजली निगम की ओर से बड़े बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। लाइनमैन बिजली के खंभों में चढ़कर बिजली कनेक्शन काट रहे हैं लेकिन इन दौरान बरते जाने वाले सुरक्षा उपायों पर कोई ध्यान नहीं हैं। नियमों के अनुसार बिजली लाइन में काम करने से पहले लाइनमैन को हाथों में ग्लव्ज, पैरों में विशेष जूते, जैकेट, सेफ्टी बेल्ट, अर्थिंग वायर, हेलमेट पहनना अनिवार्य है। सामान्यत: जब लाइनमैन बिजली लाइन पर काम करते हैं तो शटडाउन लेकर बिजली सप्लाई बंद करा दी जाती है लेकिन कई बार जाने-अनजाने में बिजली लाइन चालू किए जाने पर सुरक्षा उपकरण पहनने की स्थिति में लाइनमैन सुरक्षित रहते हैं लेकिन यदि इन सुरक्षा उपकरण को नहीं पहनते हैं तो सीधे करंट की चपेट में आने से दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। दो दिन पहले श्रीनगर क्षेत्र में लाइनमैन देवेंद्र यादव इसी तरह बिजली खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा था, तभी बंसल कंस्ट्रक्शन कंपनी की एलएनटी मशीन से एक बिजली के खंभे में टक्कर लग गई थी और बंसल कंपनी की बिजली लाइन के तार टूटकर हाईटेंशन लाइन पर गिर गए थे। इससे लाइनमैन को करंट लग गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत के बाद श्रीनगर में परिजनों ने चक्काजाम किया। इस घटना के बाद भी अधिकारियों ने सबक नहीं लिया है। शुक्रवार को चरखारी क्षेत्र के बम्हौरीकलां व जैतपुर के विभिन्न गांवों में बिजली कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया। इस दौरान जेई चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में पहुंची टीम ने 30 से ज्यादा कनेक्शन काटे। हालांकि इस दौरान लाइनमैन कोई सुरक्षा उपकरण नहीं पहने नजर आए।
सभी लाइनमैन को जैकेट, हेलमेट, बेल्ट, जूता, ग्लव्ज आदि उपकरण सुरक्षा के लिए दिए गए हैं। बिजली लाइन में काम करते समय इनका इस्तेमाल करना आवश्यक है। यदि कहीं पर इन सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं दिया जा रहा है तो संबंधित जेई से जवाब-तलब किया जाएगा। -अजय कुमार सविता, अधिशासी अभियंता, बिजली निगम महोबा।
फोटो 12 एमएएचपी 12 परिचय-ब्लॉक जैतपुर क्षेत्र में इस तरह बिना सुरक्षा उपकरण पोल पर चढ़कर कनेक्श