महोबा। जलकर के रूप में 1,500 रुपये वार्षिक देने के बाद भी उपभोक्ताओं को पेयजल नहीं मिल रहा है। शहर के परमानंद चौक से पस्तौर गली में डेढ़ साल से पानी की आपूर्ति ठप है। इससे लोग परेशान हैं। समस्या के निस्तारण की मांग को लेकर डीएम प्रभास कुमार से शिकायत करने के बाद जल निगम की दो सदस्यीय टीम ने मोहल्ले में पहुंचकर जांच की।
पस्तौर गली निवासी मनीष तिवारी, आनंद द्विवेदी, अजय सैनी, राजू पाठक, हरी गुप्ता आदि ने डीएम से शिकायत की। बताया कि उनके वार्ड में डेढ़ साल से पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। 18 अक्तूबर 2025 को तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद भी समाधान न होने पर एक अगस्त 2026 को भी तहसील दिवस में शिकायत की गई। इसके अलावा जल निगम नगरीय के कार्यालय में भी शिकायती पत्र दिए गए लेकिन पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। डाक बंगला मैदान की पाइप लाइन से लगभग 100 मीटर पाइप जोड़कर पस्तौर गली की पेयजल सप्लाई बहाल कराई जाए। ताकि, पेयजल आपूर्ति बहाल हो सके। लोगों की इस समस्या को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देश पर जल निगम की टीम ने मोहल्ले में पहुंच जांच की। ऐसे में उपभोक्ताओं को अब पेयजल आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जगी है।