महोबा। जिला अस्पताल में भले ही तमाम सुविधाओं का दावा किया जा रहा हो लेकिन अब तक कार्डियोलॉजिस्ट की तैनाती यहां नहीं हो सकी है। इससे हृदय रोगियों को उपचार नहीं मिल पा रहा है। डॉक्टर के अभाव में जिला अस्पताल महज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। इससे मरीजों व तीमारदारों को परेशानी हो रही है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार प्रतिदिन दो से तीन हार्ट के मरीज रेफर हो रहे हैं। ऐसे में एक साल में करीब 700 से ज्यादा मरीजों को उपचार नहीं मिल पाया है। उनको मजबूरन अन्य जिले उपचार कराना पड़ा है। यहां आज तक हृदय रोगियों के इलाज की सुविधा नहीं हो सकी है। महज फिजिशियन के सहारे ही हृदय रोगियों को उपचार दिया जा रहा है। विशेषज्ञ के अभाव में समुचित उपचार नहीं मिल पा रहा है। प्राथमिक उपचार तक ही सेवाएं सीमित हैं। रेफर होने पर कई निर्धन मरीजों को उपचार कराना मुश्किल हो रहा है।
सीएमएस डॉ. पीके अग्रवाल का कहना है कि हृदय रोग विशेषज्ञ की मांग को लेकर पत्र लिखा गया है। जल्द ही विशेषज्ञ मिलने की उम्मीद है।
-
सर्दी में बढ़ेगी समस्या
महोबा। सर्दी के दस्तक देते ही बीपी के मरीजों की संख्या बढ़ जाती है। ठंड के सीजन में हृदय रोगियों की संख्या में भी वृद्धि हो जाती है। ऐसे में रेफर होने वाले मरीजों की संख्या दोगुनी हो जाती है। स्थानीय लोगों की मांग की है कि हृदय रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए।
-
यह है वर्तमान में प्रतिदिन की स्थिति
-बीपी मरीज- 130 से 150
-ईसीजी जांच- 20 से 25