महोबा। त्वरित आर्थिक विकास योजना से डेढ़ करोड़ की लागत से नौ सीसी सड़कों का निर्माण कराएगा। विभाग ने सड़कों के निर्माण की अधिसूचना जारी कर दी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होंगे।
ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अधिशासी अभियंता मोहम्मद रिजवान ने बताया कि त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत धनराशि की स्वीकृति मिल चुकी है। मुढ़ारी मार्ग से रामसेवक कुशवाहा के मकान तक 15 लाख की लागत से सीसी सड़क, अजनर में रामलाल अहिरवार के मकान से प्राथमिक विद्यालय तक 15 लाख से सीसी सड़क, बेलाताल कस्बे में 5.83 लाख की सीसी सड़क, सलैया से मानपुर एमपी सीमा तक 15 लाख से सीसी सड़क, कनकुआं गांव में 15 लाख की सीसी, अलीपुरा, लिधौरा व गुढ़ा में 15-15 लाख की लागत से सीसी सड़कें बनाई जाएंगी।
इसी तरह भैंसतामाफ से मवईखुर्द तक संपर्क मार्ग का निर्माण 75 लाख और पिपरामाफ से करपहाडिया तक संपर्क मार्ग का निर्माण 67 लाख की लागत से सड़कों के निर्माण कार्य कराए जाएंगे। ताकि इन क्षेत्रों में आवागमन बेहतर हो सके।