महोबा। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में किशोर समेत नौ लोग घायल हो गए। जनपद हमीरपुर के जखेड़ी निवासी पवन (22) शुक्रवार की रात बाइक से कमल (45) और चिल्ली निवासी मानसिंह (30) के साथ घर जा रहा था। कानपुर-सागर हाईवे पर कस्बा कबरई के पास अन्ना मवेशी को बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे तीनों घायल हो गए। 108 नंबर एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इसी तरह मुस्करा निवासी रामशंकर, कांशीराम कॉलोनी निवासी जगदीश, बिलवई निवासी मुस्ताक, कानपुर निवासी दीपक, उटियां निवासी अंतू व बिलखी निवासी भोलू अन्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। (संवाद)
किशोर ने की जहर खाकर जान देने की कोशिश
महोबा। कस्बा श्रीनगर निवासी यश (16) शुक्रवार की देर शाम घर पर था। इसी दाैरान किसी बात से नाराज होकर उसने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर जहर खाने की बात परिजन को बताई। परिजन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पिता सुबोध ने बताया कि घर पर कोई विवाद नहीं हुआ। बेटे ने ऐसा क्यों किया, यह नहीं पता। इमरजेंसी में तैनात डॉ. नवीन चौहान ने बताया कि किशोर का उपचार चल रहा है। (संवाद)