महोबा। कस्बा जैतपुर के हरवंश राठौर इंटर कॉलेज में तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गुरुवार से शुभारंभ हो गया। पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दमखम दिखाया। बालिका वर्ग दौड़ में निहारिका ने बाजी मारी जबकि बालक वर्ग में चंद्रशेखर अव्वल रहे। समापन के मौके पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
कॉलेज में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ चौकी प्रभारी दिनेश सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतियोगिताओं से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। खेल को खेल की भावना से खेला जाए। खेलकूद में भाग लेने से छात्र-छात्राओं में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है और बच्चों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में निहारिका ने बाजी मारी, जबकि छात्रा ऊर्जा दूसरे स्थान पर रहीं। 100 मीटर बालक वर्ग की दौड़ में चंद्रशेखर को पहला व अभय गुप्ता को दूसरा स्थान मिला। 400 मीटर बालिका वर्ग में रानी ने बाजी मारी, जबकि बालक वर्ग में सत्यम अव्वल रहे। इस मौके पर प्रधानाचार्य गिरजाशंकर राठौर, शिक्षक अरुण गुप्ता, अतुल नायक, शैलेंद्र सुल्लेरे, मनोज कुमार, मुजीब खान, इलियास, खेल प्रभारी आनंदी प्रजापति, सीमा, पूनम, मनीषा आदि शामिल रहे।