बेलाताल (महोबा)। बसपा सुप्रीमो मायावती ने पूर्व मंत्री जीसी दिनकर को जनसुनवाई निरीक्षण प्रभारी बनाया है। पूर्व मंत्री रविवार को पदाधिकारियों के साथ कस्बा बेलाताल पहुंच दरिंदगी का शिकार हुई छात्रा के परिजनों से मिले। बताते चलें कि कस्बा बेलाताल में सात दिन पहले इंटरमीडिएट की छात्रा का संदिग्ध हालत में जंगल में फांसी पर लटकता शव मिला था। परिजनों ने तीन युवकों पर छात्रा को अगवाकर दुष्कर्म करने और हत्या कर शव फांसी पर लटकाए जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रविवार को पूर्व मंत्री जीसी दिनकर, बसपा के मंडल प्रभारी मधुसूदन कुशवाहा, कानपुर-बुंदेलखंड प्रभारी लालाराम अहिरवार, मुकेश अहिरवार पदाधिकारियों के साथ मृतक छात्रा के घर गए थे। पूर्व मंत्री ने बताया कि मायावती के निर्देश पर पीड़ित परिवार से मिलने आए हैं। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा शासन में कमजोरों व दलितों के साथ उत्पीड़न, बलात्कार, हत्या की घटनाएं बढ़ी है। यह मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट भेजे जाने की बात कही। न्याय न मिलने पर बसपा आरपार की लड़ाई लड़ेगी।