सांसद के गोद लिए आदर्श ग्राम पिपरामाफ में अब भी बिजली की रोशनी नहंी पहुंच सकी है। कच्चे मार्ग होने के कारण बारिश में पानी भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। नाराज ग्रामीणों ने समस्याओं का निराकरण न किए जाने पर डीएम को ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के अंदर समस्याओं
का निराकरण नहीं किया गया तो अमरण अनशन किया जाएगा। हमीरपुर महोबा संसदीय क्षेत्र के सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल ने करीब एक साल पहले विकासखंड कबरई के ग्राम पिपरामाफ को गोद लिया था। ग्राम पंचायत पिपरामाफ के लोग आज भी बिजली की रोशनी के लिए तरस रहे हैं। चार जुलाई को ग्रामीणों ने सांसद के गोद लिए गांव में बिजली व सड़क
आदि समस्याओं को लेकर तहसील परिसर में अनशन किया था। तब उपजिलाधिकारी ने जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराए जाने का आश्वासन देकर अनशन स्थगित करा दिया था। वहीं, बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी स्टीमेट बनाकर समस्या का निराकरण कराने काआश्वासन दिया था। लेकिन अब तक बिजली लाइन नहीं बिछ पाई।
इससे नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गांव की कीचड़ से भरी सड़कों का निर्माण कराने और बिजली लाइन बिछाए जाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के अंदर कार्य प्रारंभ नहंी कराया गया तो तहसील परिसर में अमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। ज्ञापन देने वालों में जनक सिंह परिहार, राजकुमार, भजन रैकवार, नंदराम, परमेश्वरी दयाल, प्रीतम सिंह, अर्जुन, राजू सिंह सहित तमाम ग्रामीण शामिल थे।