कबरई (महोबा)। क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ है। हमीरपुर-महोबा संसदीय क्षेत्र के सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल मंगलवार की रात मृतक इंद्रकांत के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। सांसद ने इंद्रकांत के परिजनों को भरोसा दिया कि इंद्रकांत त्रिपाठी की मौत के मामले में दोषी नहीं बचेंगे। चाहे वह पुलिस अफसर हो या कोई और।
परिजनों ने सांसद से कहा कि पुलिस आरोपियों को बचाने की कोशिश में लगी है। अभी तक पूर्व एसपी का सुराग भी पुलिस नहीं लगा सकी। परिजनों ने सीओ कालू सिंह पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर उनके असलहे का लाइसेंस बनवाने के लिए कागजी कार्रवाई पूरी नहीं कर रहे हैं। सांसद ने परिजनों को शासन से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है। बता दें कि सांसद ने सितंबर में इंद्रकांत की मौत का मामला संसद में उठाया था। साथ ही पुलिस अधिकारियों की मनमानी रोकने के लिए यूपीएसी रिव्यू बोर्ड गठित करने का भी सुझाव दिया था। सांसद के जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चंक्रपाणि त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे।