संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा/श्रीनगर। विकासखंड कबरई के ग्राम चितईयन व बिलखी में नवरात्र पर्व पर स्थापित दुर्गा पंडालों में कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने को लेकर भक्तों से अभद्रता के मामले में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार श्रीवास्तव ने थाना श्रीनगर में तैनात दरोगा प्रेमनारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित दरोगा को पुलिस लाइन से संबद्ध किया गया है।
ग्राम चितइयन व बिलखी में नवरात्र पर्व के पहले दिन 17 अक्तूबर को भक्तों ने देवी प्रतिमाओं की स्थापना कराई। स्थापना के बाद थाना श्रीनगर में तैनात दरोगा कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए दुर्गा पंडाल पहुंचे और युवकों से बातचीत की। दुर्गा समिति के सदस्यों ने दरोगा प्रेमनारायण पर अभद्रता व फर्जी मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देने का आरोप लगाया। इसकी जानकारी बजरंग दल को दी गई। बजरंग दल के संयोजक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने पदाधिकारियों के साथ मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में मामला सही पाए जाने पर एसपी ने श्रीनगर थाने के दरोगा प्रेमनारायण को निलंबित किया है।