सांसद आवास का घेराव कर नारेबाजी करते कांग्रेसी
- फोटो : MAHOBA
महोबा। केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के विरोध में रविवार को कांग्रेसी सड़कों पर उतरे और आल्हा चौक स्थित आंबेडकर पार्क से प्रदर्शन करते हुए सांसद आवास का घेराव कर नारेबाजी की। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सांसद प्रतिनिधि को सौंपा, जिसमें बिलों को वापस लेने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष तुलसीदास लोधी के नेतृत्व में 50 से अधिक कार्यकर्ता आंबेडकर पार्क में एकत्र हुए। यहां से विरोध प्रदर्शन करते हुए भाजपा सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के आवास पहुंचे और घेराव कर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों को किसान विरोधी बताया।
हालांकि, प्रशासन ने पहले ही सांसद आवास के बाहर बैरिकेडिंग कर दी। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स तैनात रहा। आधा घंटे तक घेराव व प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने सांसद के न मिलने पर उनके प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया कि देश के किसान 22 दिनों से दिल्ली-बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। भीषण ठंड में किसान खुले आसमान के नीचे बैठे हैं, जिसके चलते अभी तक 22 किसान दम तोड़ चुके हैं। उन्होंने किसानों के हित में कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन में कुंवर राकेश सिंह, प्रशांत सिंह, बृजराज सिंह, दिनेश राजपूत, छत्रपाल सिंह, नंदराम मुखिया, शकीला बानो, साजदा खातून, आफाक सरवर, संतोष कुमार, देवदत्त तिवारी, अनिल श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।