सांसद के पिता धोखाधड़ी में फंस गए हैँ। उनके खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर सांसद के पिता पर धोखाधड़ी का आरोप लगाने वाली महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका आरोप है कि पुलिस ने उसे पीट कर जबरन अस्पताल में भर्ती कराया।
आरोप है कि सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के पिता हरपाल सिंह ने भटीपुरा निवासी टिर्रा प्रजापति (85) को अपने पास बुलाया। आंखों का इलाज कराने के बहाने दो लाख रुपये में करीब चार बीघा जमीन का धोखे से रजिस्टर्ड इकरारनामा करा लिया। इसकी जानकारी मिलने पर टिर्रा ने परिवार सहित अनशन शुरू कर दिया। 14 सितंबर से सदर तहसील में आमरण अनशन पर बैठे रिर्टा व उसके परिवार के लोगों को पुलिस ने जबरन उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया।
टिर्रा के परिवार की महिलाओं का आरोप है कि रात में पुलिस ने उनके साथ मारपीट की। हालांकि सुबह ये लोग दोबारा अनशन पर बैठ गए। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने सोमवार दोपहर बाद सांसद के पिता हरपाल सिंह. हरगोविंद यादव सहित तीन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। यह रिपोर्ट टिर्रा के बेटे लक्ष्मी प्रजापति की तहरीर पर दर्ज किया गया है। कोतवाल का कहना है कि सांसद पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के पिता हरपाल सिंह सहित तीन के खिलाफ धारा रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।