शहर की प्रमुख सड़कों के किनारे लंबे समय से अतिक्रमण जमाए लोगों पर प्रशासन की निगाह टेढ़ी हो गई है। उपजिला मजिस्ट्रेट ने पत्र जारी करते हुए अतिक्रमण हटाने के लिए शहर में 14 स्थान चिंहित किए हैं। अतिक्रमण अभियान तीन अगस्त से 13 अगस्त तक चलेगा।
उप जिला मजिस्ट्रेट नंहकू ने शहर की प्रमुख सड़कों व सीसी रोड में किए गए अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया है। तीन अगस्त को बीजा नगर रोड व पठा रोड से प्राथमिक विद्यालय भटीपुरा तक अतिक्रमण हटाया जाएगा। पांच अगस्त को चरखारी बाईपास व हवेली दरवाजा का अतिक्रमण हटेगा।
आठ अगस्त को रामकथा मार्ग और सुभाष चौक से बंधान वार्ड होते हुए बाल्मीकि चौराहे तक का अतिक्रमण हटाया जाएगा। 10 अगस्त को सुभाष चौक से मनोज आइस फैक्ट्री होते हुए कीरत सागर प्रथम द्वार तक तथा बजरंग चौक से अशोक चौराहा तक का अतिक्रमण हटेगा। 11 अगस्त को लक्ष्मी मारबल हाउस के सामने मुख्य सड़क से रोडवेज तक तथा प्राथमिक विद्यालय बजरंग नगर से हिंद टायर गली तक का अतिक्रमण हटाया जाएगा।
12 अगस्त को तहसील चौराहे से पीडब्ल्यूडी चौराहा और ऊदल चौक तक का अतिक्रमण हटेगा। जबकि 13 अगस्त को आल्हा चौक से हवेली दरवाजा होते हुए मदीना मस्जिद तक और परमानंद तिराहा, रामकथा तिराहे से ऊदल चौक सुभाष चौक होते हुए मिशन चौराहे तक का अतिक्रमण हटाया जाएगा। उप जिला मजिस्ट्रेट ने पीडब्ल्यूडी को नियत तिथि पर अतिक्रमण की कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।