महोबा। सर्दी का मौसम शुरू होने के बाद भी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के महोबा डिपों की अधिकांश बसों में फॉग लाइटें नहीं लग सकीं। हालात यह हैं कि 70 फीसदी बसें बिना फॉग लाइटों के ही सड़कों पर दौड़ रही हैं। कुछ बसों के शीशे खराब हैं तो कुछ में फर्स्ट एड बॉक्स गायब है। सुबह के समय धुंध और हल्का कोहरा होने से न सिर्फ चालकों को दिक्कत हो रही है बल्कि यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
महोबा डिपो से प्रतिदिन 135 बसों का संचालन किया जा रहा है। जिसमें 122 बसें परिवहन निगम व 13 बसें अनुबंधित हैं। इस बसों के संचालन में 18 नियमित परिचालक, 25 नियमित चालक, 200 संविदा चालक, 124 संविदा परिचालक और 50 महिला परिचालक तैनात हैं। इस बसों को दिल्ली, कानपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, लखनऊ, बांदा, मुस्करा, राठ, उरई आदि स्थानों के लिए संचालित किया जाता है।
सर्दी के मौसम को देखते हुए परिवहन अधिकारियों की ओर से नवंबर माह की शुरूआत में सभी बसों में फॉग लाइट व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अभी तक महज 30 फीसदी बसों में ही फाॅग लाइटें लगीं जबकि 70 बसें बिना फॉग लाइटों के ही सड़कों पर दौड़ रही हैं। यात्री प्रमोद, रोहित, विवेक आदि का कहना है कि सर्दी के मौसम में कोहरा पड़ने के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए बसों में फॉग लाइट जरूरी है। बसों में फॉग लाइटें लगी होने से कोहरे में सड़क पर चालक को दूर तक दिखाई देता है। इससे सड़क दुर्घटना की संभावना कम होती है। शनिवार को संवाद टीम ने रोडवेज बसों की पड़ताल की तो विभिन्न कमियां नजर आईं।
बिना फॉग लाइट के रवाना हुई महोबा-राठ बस
महोबा। रोडवेज परिसर में शनिवार की दोपहर करीब 1.45 बजे महोबा डिपो की महोबा-राठ बस में सवारियों बैठी हुईं थी। बस में फॉग लाइट नहीं थी। यह बस बिना फॉग लाइट के ही रवाना हुई। ऐसे में यदि ठंड के दौरान कोहरा पड़ेगा तो बस संचालन के दौरान दिक्कत हो सकती है। इसके बाद भी फॉग लाइट लगाने को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
महोबा-गोरखपुर बस में नहीं फर्स्टएड बॉक्स
महोबा। महोबा डिपो से वाया कानपुर, लखनऊ होते हुए गोरखपुर को जाने वाल बस में भी लापरवाही मिली। दोपहर करीब 1.50 बजे रोडवेज परिसर में खड़ी इस बस में फर्स्ट एड बॉक्स नहीं है। साथ ही कुछ शीशे जाम मिले। ऐसे में यदि किसी यात्री को जरूरत पड़ी तो दिक्कत हो सकती है जबकि परिवहन निगम की ओर से प्रत्येक बस में प्राथमिक उपचार की सुविधा होनी चाहिए।
महोबा। महोबा-मुस्करा बस की भी हालत ठीक नहीं मिली। दोपहर दो बजे बस मुस्करा के लिए रवाना हो रही थी। बस में यात्री सवार थे लेकिन बस में फॉग लाइट नहीं थी। बस में सवार कुछ यात्री खिड़की का शीशा बंद करने का प्रयास कर रहे थे लेकिन वह बंद नहीं हुए। ऐसे में सर्द हवाओं से यात्रियों को रास्ते में और दिक्कत उठानी पड़ेगी।
फॉग लाइटों के लिए डिमांड भेजी गई है। जल्द फॉग लाइटें आने की उम्मीद है। जैसे ही फाग लाइटें आएंगी, उन्हें बसों में लगवा दिया जाएगा। बसों में अन्य कमियों को भी दूर किया जाएगा। हालांकि, नई बसों में वायरिंग जटिल तरीके की है। स्थानीय स्तर पर इलैक्ट्रिशियन को नए कनेक्शन करने में दिक्कत हो रही है। -प्रवीण कुमार, डिपो प्रभारी, रोडवेज महोबा।